"विश्व पुस्तक मेला"..मेला मेँ जाईए और चुपचाप कोई कोना पकड़ आधा एक घंटा शांति से खड़ा हो पहले मेला देख लिजिए तब अपने काम मेँ लगिए।हॉल के अंदर घुस कोना पकड़ा ही था कि देखा एक नारंगी रेशमी धोती पहने धर्म विक्रेता अपने सतगुरू की लिखी किताब और सीडी लिए एक सज्जन को पकड़े पेल रहे हैँ"ये विज्ञान ने देश का कबाड़ा कर दिया,ये ईश्वर को नकारता है और पाप को बढ़ावा देता है।पश्चिमीकरण के कारण आज वेद और पुराण के चमत्कार को पीछे धकेल ये नकली लोग विज्ञान लेके आ गये हैँ।आप अपनी दिव्य परंपरा को फिर से जीवित कर भारत को विश्व गुरू बनाना चाहते हैँ तो ये किताब और ये सीडी लिजिए।आईए दो मिनट टीवी स्क्रीन पर उनकी अमृत वाणी सुन जाईए,चित्त को बड़ा आराम मिलेगा"।मैँ पीछे खड़ा था।बबवा का अमृत वचन कान मेँ तो अमृत की तरह गया पर जहर बन मेरे मुँह से निकला"अच्छा गुरू जी ये बताईयेगा जरा सा कि ये सीडी आपके गुरूजी के ज्ञान से बना है और ये टीवी स्क्रीन गुरूजी के ज्ञान से बना कि नकली पापी विज्ञान से?"इतना सुनना था कि वो बिना भड़के एक छेछड़ी मंद मुस्कान के साथ बोला"श्रीमान आप आगे निकल लेँ,मार्क्सवाद और कम्युनिज्म आगे के काउंटर पर बिक रहा।आपकी पसंद की चीजेँ वहाँ मिलेँगी।आप वहाँ चले जाईये।हमेँ अपनी बेचने दीजिए"।उसके इस शानदार बयान को स्वीकार कर आगे बड़ा था कि देखा एक काउंटर पर एक अधपके उम्र का आदमी एक हाथ मेँ चाय लिए बड़े कर्तव्य भाव से बाबा अंबेडकर पर लिखी किसी पुस्तक के पन्ने पलट रहे थे कि अचानक उन्हेँ किसी ने पीछे से धक्का दिया और वो अकबका के उछले और गर्म चाय उनके हाथ से टघरते टघरते पैँट होती हुई ऐँड़ी तक चली गई।वो बड़े सौम्य तरीके से चिचियाते झल्लाते हुए पीछे की तरफ ये बोलते हुए मुड़े"ओ सीट!किस मनुपुत्र ने धक्का मार जला दिया यार"।पीछे मुड़े तो अवाक् रह गये।ये उनका 10 वर्ष का बेटा था जो अपने बाप की बौद्धिक सनक का शिकार हो 6 घँटे से बाप के पीछे स्टॉल दर स्टॉल घुम रहा बच्चा था जो अब बाहर निकल कुछ खाना पीना चाहता था।"पापा अब चलो न भुख लगी है।कितनी देर रहोगे और।चलो न चलो न प्लीईईज पाअपा"।मुझे पहली बार समझ आया कि हर बार आदमी मनुपुत्र के हाथ ही नही जलता,कभी कभी अपना पुत्र भी जला देता है।थोड़ी देर मेँ देखा एक स्टॉल पर एक सज्जन बड़ी गंभीरता से किताबेँ छाँट रहे थे।उन्होँने पहले अब्दुल कलाम साब की अग्नि की उड़ान उठाई।फिर अमृत्य सेन की किताब,फिर नंदन नीलकेणी की,फिर एक किताब शशि थरूर की,आगे अंग्रेजी डेस्क पे गये और सलमान रूश्दी और अमिताभ घोष की दो किताबेँ उठाईँ।मैँ समझ गया आदमी तराशा हुआ बुद्धिजीवि है।सज्जन फिर सारी किताब रख वापस हिँदी डेस्क पर आये और आखिर मेँ एक किताब उठा कर बिल काउंटर पर रख दिया।मैँने जिज्ञासावश उछल कर झाँका कि आखिर इतना चमकीला बुद्धिजीवी क्या पढ़ता है देखुँ।किताब का नाम था"असाध्य रोग एवँ उसका निदान @लेखक हकीम तूफानी,डायमंड प्रकाशन।मैँ हक्का बक्का।तब जाना कि आदमी ऊपर से कितना भी टीप टॉप हो पर अंदर से बड़ा बीमार है।एक स्टॉल पर एक 75-76 के बुजुर्ग को देखा जो शायद किसी के सहारे लाये गये थे पर ज्ञान बटोरने की धीमी गति के कारण अकेले अपने भरोसे किताब खोजने छोड़ दिये गये थे।उन्हेँ अपने चश्मे सहित अलग से अतिरिक्त लेंस लिए पुस्तक खोजते देखा।उन्होँने पहले हास्य व्यँग्य की पुस्तक उठाई पर देख रख दिया।शायद ये सोच के कि बुढ़ापा अपने आप मेँ एक व्यँग्य है जिँदगी का।फिर उन्होँने ये सोच की बुढ़ापा आखिरी बचपन होता है उन्होँने एक बाल साहित्य उठाया।पर कुछ देर मेँ उसे भी रख दिया।अंत मेँ उन्होँने जो किताब फाईनल कर खरीदी उसे देख खोपड़ी घुम गई।किताब का नाम था"सक्सेस सीक्रेट"।अब तक सोच रहा हुँ कि उम्र के आखिरी पड़ाव पर उस बुढ़े बाबा को ऐसी कौन सी गुप्त विद्या चाहिए और कौन सी सफलता के लिए।ये बुढ़ापे का नहीँ जीवन का चरित्र है,साला जब तक रहेगा तब तक कुछ ना कुछ चाहिए।सफलता नशा है,किसी भी उम्र मेँ यूँ हल्के मेँ नही उतरती।जिसकी उतर जाती है वही भारी व्यक्तित्व हो मोक्ष पा लेता है।एक बार ये भी सोचा कि बुढ़वा बड़ा जीवट है क्या,इस उम्र मेँ भी ये जतन।खैर जीवटता हो या अतिलालसा,मैँ इतने मेँ चाय पीने बाहर आ गया हुँ।मैँ हिँदी का लेखक,हिँदी का लेखक भले दिमाग से भले प्रेमचंद ना हो पर पेट मेँ एक निराला लिये घुमता है।जी हाँ पेट मेँ भूख से शिराएँ मरोड़ मारती हैँ पर कुछ खरीद खाना मुश्किल है।अंदर डेढ़ सौ रू मेँ छोला भटुरा और सौ रू मेँ राजमा चावल मिलता है।अच्छा था निराला कि आपके समय मेँ कोई विश्व पुस्तक मेला ना था और न कोई प्रगति मैदान ही था..वर्ना जान लिजिए आप किसी मेले मेँ ही भुखे मरते।किसी अज्ञेय से असाध्य वीणा तो साधी जा सकती है पर बाजार को भेदना मुश्किल है।फिर हम हिँदी वाले लड़ रहे हैँ..कोशिश और संघर्ष जारी है।कल आखिरी दिन है।जाईये मेला घुम आईये।जय हो।
Come and see a village from my eyes and you will feel no difference between your village and my village or any other Indian village.
Sunday, February 7, 2016
डायन...हमारा मध्यकाल
कुछ महीने पहले एक घटना सुनी थी।घटना थी झारखंड की राजधानी से सटे कंजिया टोली गाँव मेँ पाँच औरतोँ को"डायन" कह के मार डाला गया।ये घटना सुन ली,कहीँ पढ़ा भी पर अब तक जेहन मेँ कहीँ ना कहीँ अटकी हुई है।साँस लेने के रास्ते आ जा रही है ये घटना।आदिवासी बहुल इस गाँव मेँ चार बच्चे बीमारी से मर गये।गाँव मेँ पंचायत लगी और कहा गया कि ये गाँव की उन 5 महिलाओँ ने अपनी "डायन सिद्धि"के लिए बलि ले ली है सो इन डायन महिलाओँ को मार दिया जाय नही तो और भी बच्चे मरते रहेँगे।बस इस फरमानी निर्णय के बाद ही उन महिलाओँ को घर से निकाल नंगा किया गया और दौड़ा दौड़ा कर भाले से गोद और पत्थर से कूच कर मार दिया गया।घटना पूर्ण हुई।क्योँकि इसके बाद कुछ ना हुआ।ना फेसपुक पर आँसु गिरे,ना खबरोँ मेँ आग लगी,ना कोई न्युज ब्रेकिँग हो पाया इन लोथड़ोँ पर,ना इन इनके खून के छीँटे रवीश के प्राईम टाईम की सरोकारिता वाले डेस्क तक पहुँच पाये कि देश इसे देख पाता,इस पर बात कर पाता,ना नारी मुक्ती के आंदोलनकारियोँ की भुजा फड़फड़ाई,कहीँ एक भी मोमबत्ती खर्च ना हुई।"डायन" क्या है?अगर बॉलीवुड मेँ बनी फिल्म"डायन" के नाम भर को छोड़ देँ तो इसके नाम तक से अनजान आज की टॉप स्कूलोँ मेँ पढ़ रही पीढ़ी को शायद ही इस शब्द की त्रासदी का अंदाजा हो।कहीँ कहीँ शहर मेँ गाँव की मिट्टी से पाउडर जैसा नाता रखने वाले नगरी परिवार मेँ दादी नानी के किस्सोँ मेँ चुड़ैल तक बात जाती है पर "डायन" को समझना वहाँ भी मुश्किल है।असल मेँ ये चुड़ैल की तरह कपोल कल्पित रोमांच का किस्सा नहीँ बल्कि 21वीँ सदी के उभरते भारत के दामन पर सबसे काले धब्बोँ मेँ एक है जिससे ग्रामीण आदिवासी क्षेत्र मेँ हर साल सैँकड़ो महिलाएँ मौत के घाट उतारी जाती हैँ।बचपन मेँ जब भी खेत खलिहान या सूने मैदान की तरफ निकल जाता तो अक्सर रास्ते मेँ कुछ सामान बिखरा पाता जिसमेँ लाल सिँदुर,कंघी,मिट्टी का दिया,लाल फीता इत्यादि होता था।घर आ के बताता तो सब कहते"अरे उसको छुए तो नहीँ,लाँघा तो नहीँ"।फिर मुहल्ले की तेतरी माय बताती कि ये सब डायन बनने वाली ने किया है,उसको छुना मत,जान ले लेगी।डर से हम नहीँ बताते कि उसका फीता हाथ मेँ बाँध क्रिकेट खेल आये और कंघी से बाल झाड़ चुके हैँ। मतलब ये हाल हमारे आसपास का था तो एकदम से देहात मेँ बसे शिक्षा से लाखोँ मील दूर बसे आदिवासी गाँव की हालत सोचिए?अकेले झारखंड मेँ पिछले एक दशक मेँ 1200 औरतोँ को डायन कर मार डाला गया है।अपने पंचायती राज पर इतरा रहे इस राज्य मेँ दशकोँ से पंचायती राजनीति और जमीनी झगड़ो के कारण भी डायन प्रथा को और बढ़ावा मिला जिसमेँ खुब दुश्मनी निकाली जाती है और जानबुझ कर किसी परिवार के किसी सदस्य को डायन बता दिया जाता है और इसका शिकार सदियोँ की तरह आज तक महिलाएँ ही हुई।कहीँ किसी गाँव कोई मवेशी,आदमी बीमार हुआ तो लोग इसे "टोना" का असर कहते हैँ और मानते हैँ कि ये टोना करने वाली टोनही का काम है जिसके वश मेँ भूत प्रेत है। ऐसे मेँ लोग कोसो दूर बैठे डॉक्टर के पास ना जा गाँव के ही "ओझा,गुनिया,बेगा"के पास जाते हैँ,ये आदिवासियोँ के बीच अपने झाड़ फूँक के लिए अपार श्रद्धा से देखे जाने वाले धँधेबाज हैँ।ये डायन का असर काटने के लिए दारू,मुर्गा,कबुतर और पैसा लेते हैँ और जब कभी इनकी योजना फेल हो जाती है और बीमार इनके चक्कर मेँ मर जाता है तो खुद पर आस्था को बचाने के लिए ये गाँव के किसी महिला को डायन बता देते हैँ और अंजाम उस महिला की नृशंस हत्या तक जाता है। इन्हीँ गुनिया और बेगा से पूछिए तो बताते हैँ कि टोनही/डायन जिसका बुरा चाहती है उसके घर के आगे सिँदुर,कंघी,हड्डी आदि रख देती है।ये अफवाह फैलाये रखते हैँ कि ये महिलायेँ टोना करती हैँ और नवरात्र,होली,दिवाली की अँधेरी रात मेँ नँगी होकर तंत्र साधना कर प्रेत को अपने वश मेँ करती है जिससे किसी का भी बुरा किया जा सके।गुनियाओँ द्वारा सदियोँ से चली आ रही ये अफवाहेँ अब एक काले और अंधे विश्वास के रूप मेँ स्थापित हो चुकी हैँ।डायन,टोनही,डाकन जैसे नाम देकर महिलाओँ को मारने का ये सिलसिला रोज जारी है।इन गाँवो तक ना शिक्षा और ना स्वास्थ्य सुविधाओँ की पहुँच है।झारखंड,छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल इलाके मेँ ये घटनाएँ इतनी आम हैँ कि इस पर कोई उबलता विमर्श आज तक ना हो पाया।लिव इन से लेकर किस ऑफ लव के लिए लड़ने वाली पीढ़ी के लिए ये मामला बिलकुल अरूचिकर और पागलपन सा लग सकता है।महिलाओँ के अधिकार को लेकर सोशल मीडिया पर रोज एक जंग जारी है पर वहाँ भी डायन नहीँ,देवियोँ की लड़ाई है।दिल्ली जैसे बौद्धिक विमर्श के इतने बड़े पटल पर जहाँ माहवारी से लेकर यौन के अधिकार को लेकर सैँकड़ो गोष्ठियोँ का आयोजन होता रहा है वहाँ भी डायन अपना दर्द दर्ज करा नहीँ पाई है।ये लड़ाई उन आदिवासी महिलाओँ की है जिनका पक्ष रखने के लिए अखबार,टीवी से लेकर सोशल मीडिया मेँ शायद ही कोई है।एक उभरते हुए देश के ठीक बीच मेँ ये सब हो रहा है और कोई प्रगति का ढाँचा या नारी सशक्तिकरण का अभियान ये कलंक मिटाये बिना कैसे न्यायसंगत और पूरा माना जायेगा।हम दलित,पिछड़े और आदिवासी की बात तो करते हैँ पर आदिवासी और उसमेँ भी महिलाओँ का पक्ष एक पूँछ की तरह है जो भारी भरकम चलताऊ रंग बिरंगे विमर्शोँ के बोझ मेँ कहीँ नीचे दब जाता है।आपमेँ से किसी को ईश्वर ना करे कि ये दृश्य ना देखने को मिले जब किसी को डायन बता कैसे नंगा घुमा,बाल काट,फिर जिँदा जला दिया जाता है,कहीँ काट दिया जाता है।हमारी बहनेँ सबरीमाला मंदिर मेँ घुसने के लिए लड़ रही हैँ।इधर तृप्ती देसाई शनि पर तेल डालने को बेताब हैँ,सारा देश नारीवाद की तेलीय लड़ाई मेँ जागरूकता के साथ खड़ा है।इसी बीच मेँ एक मर चुकी डायन आपसे बिना टोना किये याचना कर रही है कि इनकी आने वाली पीढ़ी को इस दंश से बचा लिजिए।एक बार पहले अपने विमर्श मेँ तो "डायन" को लाईए।जल जंगल जमीन के राजनीतिक फलदायी लड़ाई से कहीँ बड़ी लड़ाई है ये।ये उनके लिए मानवता की लड़ाई।जंगल जमीन पर अधिकार छोड़िये,पहले जीने की जमीन तो दीजिए। जय हो।
"लालटेन"..रौशनी का घर
कल आधी रात कुछ समय के लिए लाईट चली गई तो बिस्तर से अंदाजन उठ हाथ टटोल के मोमबत्ती खोजने लगा।5 मिनट किचन मेँ हाथ टटोलने के बाद एक आधी जली पिघली मोमबत्ती मिली।जैसे ही जलाने के लिए माचिस उठाया कि खयाल आया कि मैँ दिल्ली जैसे जागरूक महानगर मेँ हुँ जहाँ मैँने जाना कि"मोमबत्ती एक राजनीतिक वस्तु है जो रात मेँ नहीँ दिन मेँ जलाई जाती है और इससे प्रकाश नहीँ,भड़ास निकलता है"।इतना मन मेँ आते चुपचाप वापस जा रजाई मेँ घुस गया और तब याद आने लगा मुझे अपने गाँव का"लालटेन"।वो एक जमाना था जब गाँव के हर घर की चौखट पर शाम एक लालटेन जरूर टँगा होता था।मेरे पापा अक्सर कहा करते हैँ"दरवाजे पर ये दो चीजेँ रहनी ही घर को घर बनाती हैँ,एक तो साँझ को जलता लालटेन और दुसरा दुआर की चौकी पर बैठे बुजुर्ग"।हाँ उस समय गाँव मेँ भले बिजली नहीँ थी,पर रौशनी जरूर थी।मेरे दादा जो कि सरपंच थे वो तो साँझ होते हाथ मेँ लालटेन लिये एक बार मुहल्ला घुम आते कि कहीँ कोई समस्या तो नहीँ,कोई बीमार तो नहीँ..बुढ़ापे मेँ भी लालटेन की मीठी रौशनी मेँ उनको समस्याएँ साफ दिखती थीँ जो आज लोगोँ को जलते दुधिया लाईट मेँ भी धुँधली दिखती हैँ।वापस फिर देहरी पर बिछी चटाई पर आ के लालटेन रख देते थे जहाँ गाँव के कुछ बुजुर्ग जवान आधी रात तक ताश खेलते थे।लालटेन की धीमी ऊँची होती रोशनी मेँ भले ताश का पत्ता साफ दिखे ना दिखे पर लोगोँ का आपस मेँ स्नेह,घुलना मिलना और साफ दिल साफ साफ दिखता था।रात को सोने वक्त लोग खटिया के नीचे लालटेन जरूर रख सोते थे।केवल रात को खटिया के नीचे लालटेन का होना NSG कमांडो की सुरक्षा वाला विश्वास देता था।मन मेँ लगता था कि रात बिरात कोई बात हो जाए तो लालटेन है न,मान लो कहीँ कुछ खरखर की आवाज सुन ली,कहीँ कुछ धड़ाम की आवाज सुन ली,कहीँ गाय रंभाने की आवाज सुन ली,कहीँ लगा कि कुछ गड़बड़ है तो फटाक उठे और लालटेन तेज कर लाठी उठाया और ईलाका चेक कर आये।लालटेन हाथ मेँ हो तो बड़ी हिम्मत रहती थी।मतलब लालटेन रौशनी और भरोसा दोनोँ देता था।आज गाँव गाँव लाईट है,बिजली है पर रौशनी नहीँ।मुझे याद है कि हम शाम होते लालटेन जला पढ़ने बिठा दिये जाते थे।सूरज के ढलते जैसे हम नानी को लालटेन का शीशा पोछ के बाती डाल के लालटेन जलाने की तैयारी करते देखते हमेँ लगता जैसे कसाई याकूब मेमन के फाँसी की तैयारी कर रहा है।सात बजे मास्टर साब आते,वो खुद बाती का वोल्टेज बढ़ाते और हमेँ बीजगणीत बनाने देते।लालटेन के आसपास कई कीड़े मकोड़े आ के फड़फड़ाते और खुद जलती लौ की मुहब्बत पर कुर्बान भी हो जाते।मास्टर साब उन कीड़ोँ के पार्थिव शरीर दिखाते हुए कहते"चलो जल्दी बनाओ रे हिसाब,बैठ के कौँपी क्या ताकता है,साले कलम से कान खोद रहा है।जान लो अगर फेर गलत हिसाब बनाया तो ई कीड़वा जैसा फड़फड़वा के मारेँगे"।हम किसी तरह सही गलत हिसाब बनाते और मास्टर साब हमारा रोज हिसाब लगाते।हमेँ याद है कि,साँतवीँ के छात्र के रूप मेँ लालटेन की पीली रौशनी मेँ निर्मल कॉपी के हल्के पीले पन्नोँ पर जब हम गंगा नदी पर लेख लिखते थे तब "गंगा नदी" आज की तरह इतनी गँदी और काली ना थी साहब।अच्छा लालटेन तभी रौशनी के साथ साथ जिँदगी का प्रतीक भी था।रात के घुप्प अँधेरे मेँ किसी सुनसान पगडंडी पार करते जब दूर कोई लालटेन टिमटिमाती नजर आती,राहगीर जान जाता कि ओ आगे कोई गाँव है,कोई घर है।अच्छा लालटेन केवल घर ही नहीँ बल्कि भूत के भी काम आता था।मेरे पापा जब भी भूत का किस्सा सुनाते तो बताते"अस्पताल के पीछे वाले पोखर के जामुन पेड़ के पीछे एक सफेद साड़ी पहने औरत लालटेन लिये खड़ी थी"।सच दुनिया के किसी भूत के पास ना तब ट्युब लाईट या सीएफल था ना अब।अच्छा मेरे गाँव के घर अब भी जब कि चौबीस घंटे भड़भड़ाते जैनेरेटर की सुविधा है फिर भी चार लालटेन शाम को तेल भर तैयार रहता है।मैँ गाँव मेँ मुख्य घर से अलग गाय वाले गोहाल के पास खपरैल कमरे मेँ सोता हुँ और आज भी मम्मी एक लालटेन जला के मेरे खटिया के पास रख देती है और तब जा खुद निश्चिँत हो सोती है कि,चलो बेटे के पास लालटेन है,रात को डर नहीँ लगेगा।मेरे घर चार लालटेन का कारण ये है कि एक दो तो सदा मेरे पापा के उपयोग मेँ आता है।वो जब भी गुस्सा होते हैँ,सामने रखा लालटेन तड़ित चालक का काम करता है।मेरे पिता गुस्से मेँ अक्सर लालटेन पटक देते हैँ और इस तरह लालटेन हमेशा किसी भी दुसरी चीज को क्षतिग्रस्त होने से बचा लेता है।अब तो गाँव मेँ भी लालटेन लगभग लुप्त है और उसकी जगह चाईनिज लैँप आ गया है।इसकी सफेद रौशनी आँख को चुभती है।इसमेँ लालटेन वाली कोमलता नहीँ।लालटेन का पीला मिट्टी वाली रंग लिये रोशनी बड़ी मीठी होती थी।ये बात अलग है कि लालटेन को भी अब घर की चौखट से उतार राजनीति का चिन्ह्र बना चुनाव मेँ उतार दिया गया है।अभी अभी बिहार मेँ लालू जी ने नीतिश जी के गले मेँ अपने दो दो लालटेन टाँगे हैँ।एक का गाल फूला और "लाल" है,दुसरे का वजन लगभग"टेन" है।उम्मीद है कि अँधेर दिखते बिहार को थोड़ी रौशनी मिले।खैर राजनीति वाला राजनैतिक लालटेन तत्काल लालू जी का घर अंजोर किये हुए है।हमेँ तो अपने दुआर पर लालटेन बचाना है।इस बार सोचता हुँ कि,गाँव से एक लालटेन लेता आऊँगा।बड़े महानगरोँ की लाईट का कोई भरोसा नहीँ। और आखिरी बात,कि लालटेन हमारी जड़ोँ और हमारी मिट्टी से इतना जुड़ा हुआ है कि देखिये न उसमेँ "मिट्टी का तेल" जलता है।जय हो।
खुदखिंचन पद्धति ....सेल्फी
अक्सर आप पर्यटन स्थलोँ जैसे इंडिया गेट या ताजमहल कहीँ भी पर्यटकोँ को फोटो खिँचवा लेने के लिए कहते उनके आगे पीछे दौड़ते,उन्हेँ मनाते रिझाते फोटोग्राफरोँ को देखते होँगे।एक जमाना था जब इन फोटोग्राफरोँ का धंधा खुब चौकस और हिट था।पर समय बदला और जब से स्मार्ट फोन बाजार मेँ आये इन कैमरोँ के दिन लद गये और अब बड़ी मुश्किल से पेट चला पाते हैँ ये फोटोग्राफर लोग।मोबाईल से पहले के जमाने मेँ यही फोटोग्राफर थे जो हर पर्यटक की सैर को यादगार बनाते थे।मात्र आधे घंटे मेँ जब ये फोटोग्राफर आपको ताजमहल के साथ खड़ा कर फोटो मेँ उतार हाथ मेँ लिफाफा थमाते तो पैसा दे आदमी लिफाफा खोल पहले मिनटोँ खड़ा फोटो निहारता था फिर मुस्किया के बैग का चेन खोल उसके भीतरी खोल मेँ डाल लेता था फोटो।तब मुझे याद है कि गाँव से लेकर कस्बोँ और शहरोँ तक स्टूडियो का एक खास जलवा था।फोटो खिँचाने का एक कायदा होता था जिसे फोटोग्राफर लागु करता और खिँचाने वाले माननीय न्यायालय के आदेश की तरह मानते।वो जब हुँमायू के मकबरे पर खड़े गाँव से आये जोड़े को एक दुजे का कमर पकड़ने कहता तो कभी खुलेआम हाथ ना पकड़ने वाले जोड़े भी बेहिचक कमर पकड़ते।फिर वो कहता"जरा हँसिये।हाथ उपर करिये।पैर पीछे करिये।गर्दन दायेँ थोड़ा।इधर देखिये।मैडम आप भी हँसिये।आप भाई साब के कंधे पर रखिये हाथ।थोड़ा देखिये ईधर!" तो अभी अभी खरीदारी के वक्त हुए आपसी झगड़े के बाद तनाव के बाद भी वो जोड़ा हँसता था और फोटोग्राफर दोनोँ को करीब ला देता था।ये फोटोग्राफर ही थे जिन्होँने फोटो खिँचने का वो एंगल खोज निकाला था एक सिक्की से पतले आदमी के हथेली पर ताजमहल खड़ा हो जाता था,इंडिया गेट गढ़ जाता था।हर चीज को मुट्ठी मेँ बँद कर लेना,कदमोँ मेँ ले आना ये इंसान की शाश्वत इच्छा रही है..रावण से लेकर गाँव के प्रधान तक सब हथेली मेँ संसार चाहते हैँ।फोटोग्राफरोँ ने ही इस इच्छा को एक फ्रेम दिया और हर इंसान की दमित इच्छा को उकेर उसके हाथ ताजमहल तो कभी हथेली पर सूरज का एंगल दे उसके अहं को एक आत्मसंतोष दिया।दिल्ली घुमने आये मेरे गाँव के विभुती बाबू ने भी ऐसा एक फोटो संसद भवन के सामने घास पर लेट टाँग ऊपर उठा के खिँचवाया था जिसमेँ उनका लात संसद भवन के ऊपर दिख रहा था।वर्षोँ बड़े गर्व से वो फोटो दिखाते और हमसब आश्चर्य से उनका ये कमाल ऐसे देखते जैसे पाँच मुँह वाला शेषनाग देख रहे होँ।अच्छा तभी शादी ब्याह मेँ भी स्टूडियो का बड़ा महत्व था।मुझे अपने यहाँ के "केसरी स्टूडियो"मेँ जब भी कोई लड़की साड़ी पहन बायाँ हाथ नीचे किये,दाँयी हथेली बाँये के बाँह पर रखे और बगल मेँ एक लंबी टूल पर प्लास्टिक फूल का गुलदस्ता रखा फोटो खिँचवाते दिखती तो समझ जाईए ये लड़के वालोँ को पसंद के लिए जायेगा फोटो।उस वक्त फोटो खिँचाते लड़की का तनाव और वहीँ बैठे उसके पिता का तनाव बताता था कि ये UPSC के इंटरव्यु से ज्यादा नर्वस करने वाला पल होता था।पिता लगातार फोटोग्राफर से कहता"देखियेगा केसरी जी थोड़ा लंबा दिखे ई फोटो मेँ।और जरा हाथ पर वाला कटा का दाग बचा के।बढ़िया से खिँचिएगा।बहुत परेशान हैँ शादी के लिए।"।फोटोग्राफर फिर सबल देता"घबराईये नय,हमरा खिँचा रिजेक्ट नय हुआ है आजतक।बेजोड़ फोटो निकालेँगे"।मतलब तब फोटोग्राफर फोटो ही नहीँ,रिश्ते भी खिँचा करता था।मेरे गाँव था एक "माँ चंचला स्टूडियो और एक वीणा स्टूडियो"।मुझे याद है कि घर मेँ हर साल स्पेशल फरवरी मार्च के दिनोँ फोटो खिँचाने फोटोग्राफर आते।हम बच्चे छत पर जा अपने खिलौने एक चादर पर सजा देते और उसके बीच लेट फोटो खिँचाते तो कलैंडर ब्यॉय लगते:-)।फिर चलता पारिवारिक फोटो-सेशन।एक बार माँ दादी तो एक बार नानी की गोद मेँ।एक बार मौसी तो कभी बुआ के कंधे पर।ये फोटो आज भी मेरे लिए टाईम मशीन की तरह हैँ जो देखते उस उम्र मेँ पहुँचा देते हैँ।अब मोबाईल आ गया।पीछे 13 मेगापिक्सल तो आगे 8।दिया मोबाईल और फटाक खिँचा लिया,मेमोरी मेँ सेव।मोबाईल ने हर आदमी के अंदर एक विश्वसनीय फोटोग्राफर पैदा कर दिया है जो सब खीँच लेना चाहता है।जिस आदमी की मैट्रिक के पहले कोई पासपोर्ट साईज फोटो भी ना खिँचवाई थी घरवालोँ ने वो भी आज फोटोग्राफी को अपना पैशन बना चुका।ऊपर से जब से ये "खुदखिँचन पद्धति"(सेल्फी) चलन मेँ आयी है आदमी आत्मनिर्भरता के चरम दौर मेँ है।खुद का खुद खीँच रहा है।अच्छा जब रोज रोज अपना एक सा थोथना खीँच खीँच कर आदमी बोर हो रहा है तो मुँह की अजीब विचित्र भाव भंगिमा कर खीँच रहा है।कई युवतियोँ को देखा कमर को अजीब तरह लचका,होँठोँ को टेढ़वा गोल कर नाक को विचित्र तरीके से सिकुल और ऊपर के दोनोँ भँवोँ को जोड़ "खुदखिँचन"ले रही थी।हर आदमी के पास अब खीँचने का क्रेज है।मसलन कई को तो मोबाईल से ऐसा रोग लगा कि वो बकायदा कैमरा खरीद कुत्ता,बिल्ली,गिलहरी की फोटो खिँचते चलते हैँ।अब तो कैमरा खुब बिक रहा है पर फोटोग्राफर वाला युग गया जानिए।तब हम खिँचवाने के पैसे देते थे अब तो खिँचवाने के पैसे मिलते हैँ।हाँ ऐसे कई "खिँचरोगी" को मैँने सीपी और साकेत या हौज खास मेँ देखा कि गरीब के बच्चोँ पैसे दे के उन्हेँ बिठा कर फोटो खिँचते देखा।वो जितने गरीब हैँ उतने ज्यादा मोल हैँ उनके फोटो के।जितना मैला रहेँगे उतना साफ फोटो निकलता है।भुखमरी कंगाली के फोटो किसी भी अखबार या पत्रिका के लिए सबसे चमकदार फोटो साबित होते हैँ।जो जितना विभत्स है उतना दर्शनीय।थ्री इडियट के माधवन ने नई पीढ़ी को फोटोग्राफर बना दिया जिसे लगता है कि उसे रेँचो की दोस्ती मिल जायेगी।खैर आज भी बड़े फोटोग्राफर हैँ और बड़े स्टूडियो भी हैँ जो काले कमाई वाले काले आदमी के गोरे फोटो निकालते हैँ,उन्हेँ चमका के पेश करते हैँ।पर इधर मोबाईल से पैदा हुई शौकिया फोटोग्राफिक पीढ़ी ने खाने कमाने वाले छोटे मोटे फोटोग्राफरोँ का दायरा छोटा कर उनकी आय पर असर डाला है।टाँग खिँचने से लेकर फोटो खिँचने मेँ एक्सपर्ट इस पीढ़ी से उम्मीद करता हुँ अगली बार जब भी कहीँ जाईये तो एक फोटो इन कैमरे का बोझ उठाये फोटोग्राफर से जरूर खिँचवा लेना जी।जय हो।
शनिदेव- तेल का खेल, वेद पुराण फेल
हड़प्पा काल मेँ सबसे परम पद शिव को प्राप्त हुआ,वैदिक काल मेँ इंद्र देव और प्रजापति देवता का जलवा कायम रहा और फिर गुप्त काल से शुरू हो सदियोँ तक देखिए तो सबसे अधिक महत्व विष्णु और उनके अवतारोँ का रहा।पर अब जब आप 21वीँ सदी के भारत को देखिए तो पाईएगा कि,अचानक सबको पछाड़ते हुए अगर धर्म के बाजार मेँ कोइ सबसे तेजी से उछाल पाने वाला देवता हैँ तो वो "शनि देव" उभर कर आये हैँ।वैश्वीकरण और पूँजीवाद के दौर मेँ तैँतीस करोड़ देवताओँ मेँ यही एक देवता निकल के आये हैँ जिन्होँने वर्तमान काल और बाजार की नब्ज पकड़ी।जहाँ एक ओर गदा से लैस बलशाली बजरंग बली गाँव गली के चौराहे पर स्थापित एक बताशे और पुड़िया भर सिँदुर के लिए और महाकाल शिव एक बुँद गँगाजल के फेर मेँ लटपटाए रहे वहीँ शनि देव ने दुनिया के तेल और लोहा जैसे सबसे महत्वपूर्ण संसाधन को खुद से जोड़ बाजार का सबसे प्रभावशली देव होने का रूतबा पा लिया है।शनि देव ग्रहोँ मेँ न्यायधीश माने गये हैँ और जब दुनिया मेँ राग,द्वेष अपराध बढ़े,बाजारू गलाघोँट प्रतियोगिता बढ़ी और लगातार पाप दूराचार के केस बढ़ने लगे ऐसे मेँ शनि देवता के न्याय का मंदिर चल निकला।अब लोगोँ मेँ वर्षोँ की त्याग तपस्या और सद्आचरण से देवता को खुश कर फिर कृपा पाने का समय ना रहा।उन्हेँ तुरंत रिजल्ट चाहिए था।इस फार्मेट को समझते हुए शनि देव ने इस भरोसे को स्थापित किया कि वो तुरंत परिणाम देने वाले देवता हैँ और जो भक्ती और अराधना को देखकर प्रसन्न होने की प्राचीन परंपरा मेँ नहीँ बल्कि तत्काल मैटर के अनुसार तुरंत फैसला देने वाले देवता हैँ।अच्छा आज चुँकि संसार मेँ पाप बढ़ा सो लोग एक स्वभाविक नैतिक दवाब मेँ रहने लगे,जगत की इस कमजोरी को शनि देव ने पकड़ लिया।शनि समझ गये कि लोग को अब विष्णु कृष्ण टाईप सौम्य रूप से हड़काना मुश्किल होगा इसलिए उन्होँने अपनी एक आक्रामक छवि गढ़ी।वे समझ गये थे कि इस पापी और खुनी होती दुनिया को रामचरितमानस के चौपाई से नहीँ बल्कि भय से ही कंट्रोल किया जा सकता है।उन्होँने अपनी दो भोकाली कथाएँ भी बाजार मेँ चलवाईँ जिसमेँ उनका प्रचार हुआ कि शनि तो शंकर भगवान जैसे देव और रावण जैसे बलशाली को ना छोड़े थे,फिर तुच्छ मानव क्या चीज।अपने माहौल के अनुरूप उन्होँने खुद का गेट-अप भी खतरनाक बनाया। काली काया एवं काली मुँछ रखी, काला कपड़ा पहना,काले कौऐ को वाहन बनाया।अपने मंदिर का रूप रंग बदला।आप शनि मंदिर जाईए तो लगेगा जैसे किसी सैन्य शत्ति का खुफिया कैँप है।चारोँ तरफ काला ग्रेनाईट,काले झंडे और काला कपड़ा पहने कमांडो जैसा एक पंडा जो खैरियत की राईफल नहीँ रखता है।पर मिजाज मेँ इनका पंडा अन्य सनातनी पंडो से इतर बड़ा तपाकी और अक्खड़ जैसा करेगा।कभी बिना माँगे आशीर्वाद दे देगा तो कभी माँगने पर भी गरिया देगा।कभी बेमतलब हँस के माथे पर काला तिल छिटक देगा,गाल पर तेल घस देगा तो कभी मनहुस की तरह आँख तरेर कर देखेगा।मतलब ये पंडा बिलकुल अलग ट्रेनिँग पाये हैँ जो शनि के अक्खड़ और आक्रामक छवि का प्रतिनिधित्व करते दिखाई देते हैँ।अच्छा शनि देव ने अपनी पूजा मेँ पारंपरिक शैली को एकदम त्याग एक नया प्रारूप तैयार करवाया जो मध्य वर्ग के मिजाज को सूट करे।उन्होँने गणेश जी तरह मेवा और लड्डु जैसे घनघोर आउट डेटेट आईटम को हटा प्रसाद को नमकीन और तेलीय फ्लेवर दिया जो बाद मेँ उपयोग भी किया जा सके और उससे कुछ आर्थिक लाभ हो जिससे मंदिर की विधि व्यवस्था का खर्च चल सके।उनको सरसोँ का तेल चढ़ाया जाता है जो बाद मेँ हल्दीराम भुजिया वाले को बेचा जा सके।क्या पता कि कोई स्वदेशी कंपनी इनके तेल से तैयार"नवग्रह शांति भुजिया" बना बाजार मेँ उतार दे।आज शनि देव के पास तेल है,लोहा है,काला तिल का पहाड़ है,कपड़े का गोदाम है।मतलब केला और पेड़ा से अलग इनके पास वो टिकाऊ सामान है जिसे बाजार मेँ पुनः बेचा जा सके।शनि देव ने प्रसार के लिहाज से भी बजरंग बली के औसत को पीछे छोड़ दिया है।जहाँ बजरंगबली जैसे देवता गाँव देहात मेँ ओझरा के रह गये, शनिदेव ने बाजार की ताकत समझते हुए शहरोँ को अपना ठिकाना बनाया।वो जान गये कि जहाँ स्वार्थ है,सब पाने की बेचैनी है वहीँ अपना सिक्का जमेगा।इनके शहर मेँ बड़े मंदिरोँ के अलावा मोबाईल मंदिर भी चलते हैँ जो शनिवार के दिन हर लाल बत्ती पर लगाये जाते हैँ।चुँकि ये नये देवता हैँ सो ये खुद आम जन तक पहुँच अभी अपनी जड़ जमा रहे हैँ।इन्होँने एक लोकतांत्रिक माहौल दिया है धर्म के बाजार को।ये एक भिखारी को भी अचानक करोड़पति होने का भरोसा देते हैँ।कुंडली बाजार मेँ भी केवल शनि का जलवा है।जिस पंडित को पूछिए शनि का उपाय बतायेगा।अच्छा शनि देव ने भारतीय समाज के पुरातन मनोविज्ञान को समझते हुए तत्काल महिला द्वारा खुद को छुने पर पाबंदी रखी है।पर शनि का क्रेज देखिये कि धर्म और कर्मकांड मेँ विश्वास ना करने वाली प्रगतिशील पीढ़ी की एक युवती ने शिँगा मंदिर मेँ शनि देव पर तेल चढ़ा उनका श्रद्धा से मसाज करने का आंदोलन कर रखा है।ये दिवानगी तो सन्नी देओल और सलमान खान को भी कभी ना नसीब हुई।वैसे शनि देव आधुनिक समझदारी के देव हैँ।उम्मीद है बाजार मेँ महिला शक्ति के महत्व को देखते हुए वो जरूर नियम मेँ कुछ ढील देँगे और पुरूष संग महिलाएँ भी शनि देव के आँगन चिपचिपे श्रद्धा मेँ सने तेल तेल खेल पायेँगी।कुछ भी हो,शनि देव ने स्वर्ग मेँ लेटे अप्सराओँ का नृत्य देखते देवता और उनके सामंती और राजसी ढाँचे को तोड़ इसे चौक चौराहे और अंतिम आदमी तक पहुँचा दिया है।एक तीन चक्के की रेड़ी पर लोहे का एक पत्तर ले उसमेँ कटोरी भर तेल डाल ये चलता फिरता मंदिर आपको किसी भी रास्ते दिख जायेगा।इनका पंडा कोई तिलकधारी या टिक्कीधारी नहीँ,बल्कि किसी भी जात का सड़क का कोई भी आम आदमी हो सकता है।एक ग्रह से खुद को आगे ला अपने बलबुते और बेजोड़ प्रबंधन से देव मेँ बदल लेने शनिदेव की जीवटता को मेरा प्रणाम।असली मनुवाद तो यहाँ टूटा है मर्दे।जय शनिदेव।जय हो।
Monday, September 7, 2015
जमुनिया, जमुनिया, जमुनिया
"जामुन";-(।बात बड़ी साधारण है कि भला जामुन किसने ना खाया होगा अपनी जिँदगी मेँ।पर कभी कभी उसी जिँदगी मेँ ऐसे भी पल आते हैँ जब आप जामुन को केवल देख सकते हैँ,खा नही सकते।दिल्ली महानगर की सड़क पर जब ठेले पर काले काले चमचम करते जामुन को अकड़ के पड़ा हुआ देखता हुँ तो मन क्रोध से भर जा रहा है।जामुन तब जामुन नहीँ, लगता है IS का मुखिया "अबु बकर बगदादी" लेटा हुआ है ठेले पर।मन मेँ आता है दोनोँ हाथोँ से उठा पीस दुँ उसको,मार लात रिद्द छिद्द कर दुँ,ठेलवा उलटा दुँ और सड़क पर बिखेर दुँ जिसे आती जाती गाड़ियाँ कुचलती जाये।जामुन की छोड़िये,जामुन बेचने वाला भी गजबे समाजशास्त्री और मनोविश्लेषक होता है और उसका व्यवहार सचिवालय मेँ बैठे बड़ा बाबू की तरह होता है:-)।वो देखते जान जाता है कि कौन जामुन लेगा और कौन जामुन की बस जानकारी लेगा।आप पैदल पसीना से लथपथ हाथ मेँ झोला या पॉलिथीन लिये घुमते हुए उसके ठेले के पास जा पूछिए"जी भैया,जामुन कैसे दे रहे हैँ?" ठेला वाला आपकी तरफ देखे बिना जामुन पर पानी का छीँटा मारता रहेगा।आप एक दो बार फिर बोलियेगा,आखिर मेँ एक बार बोलियेगा"अरे भईया,अरे बताओ न जामुन कैसे किलो दे रहे हैँ"।किलो सुनते वो आपकी तरफ देखेगा,जामुन देने के लिए नहीँ बल्कि सिर्फ आपकी दिमागी हालत देखने के लिए,और तब बड़े कर्कस आवाज मेँ बोलेगा"60 रूपये पाव है,चलो भीड़ हटा लो भैया, आगे ले लो खीरे हरे वाले मिल रहे हैँ"।उसके मुँह से ये वाक्य पूरा होने से पहले हम आधी दूर निकल लिये होते हैँ।समझ नही आता कि आखिर ये वही जामुन है:-(जिसे हमारे गाँव मेँ बकरी खा के अघा जाती थी।मुझे याद है, मेरे घर ठीक सटे हाई स्कूल से सड़क पार करते ही एक मजार था और उसके ठीक पीछे एक झाड़ीनुमा जंगल,उसी से सटा एक छोटा पोखर और उसी की मेढ़ के किनारे कतारोँ मेँ खड़े जामुन के कई पेड़ थे।अक्सर वहाँ जाने के क्रम मेँ मैँ सुबह दोपहर स्कूल भी होता जाता था क्योँकि उसी की दीवार टप हम सड़क पार करते थे।भरी दुपहरी मेँ जब लू को भी लू मार दे,हम सारे दोस्त इकट्ठा हो जामुन तोड़ने निकल जाते थे।बहाने के तौर पर हाथ मेँ एक लोटा ले लेते थे जो इस बात का संकेत होता था कि हमे बड़ी मजबुरी मेँ जाना पड़ रहा है वर्ना उस धुप बताश मेँ भला कौन घर से बाहर कदम रखने देता।भला हो गाँव का कि उस समय भी आज के ही विकसित निर्मल भारत की तरह शौचालय मुश्किल से ही होता था घरोँ मेँ।अच्छा घर वाले अक्सर हड़काते कि उधर मत जाया करो,वहाँ भुत रहता है।पर हम जाते थे क्योँकि वहाँ जामुन भी होता था।भूत का डर बच्चोँ की मनमानी रोकने का एक अहिँसक तरीका था जिसे सामान्य तौर पर बच्चे मान लेते थे पर हमारा लेवल अब बढ़ चुका था,हम भूत के लेवल से उठ बाप के लात जूते तक पहुँच चुके थे,हमेँ रोकते तो वही रोकते,भूत नही।अच्छा जामुन पेड़ और पोखरा का पिँढ़, ऊपर से दोपहर 12 से 1 बजे का समय,गाँव के बुजुर्गोँ के अनुसार ये भुत के उत्पात की सबसे आदर्श दशा थी,हमारे लिए भी यही आदर्श समय था जामुन तोड़ने का।टीम का सबसे एक्सपर्ट पेड़चढ़वा लड़का फटाक पेड़ चढ़ता और जामुन से लदे डाल हिलाता,हम नीचे बाढ़ पीड़ितो की तरह लुटम लुट मचा के जामुन जमा करते।कई बार पेड़ चढ़ने वाला बस डाल डुलाता रह जाता और नीचे वाले सब जामुन खा जाते।अच्छा,मुँह मेँ लाख जामुन हो पर मन के एक कोने मेँ भूतवा वाला बात बैठा जरूर रहता था,जैसे पेड़ चढ़े लड़के की डाल हवा से इधर उधर हिली की वो भुत भूत बोल नीचे सीधे पोखर मेँ कूद जाता।पर हम सब भागते नहीँ,भुत रोज मिलेगा,जामुन साल मेँ बस 15 दिन..सो हम डटकर मुकाबला करते थे।अब हम नीचे से ढेला मार जामुन झड़ाते,मार ढेला,मार ढेला..।कभी ढेला मार मेँ निशाना चूकते ही हमेँ भूत के अस्तित्व का भरोसा एकदम हो जाता।"अरे साला,अबे ई दोगला भूतवा को देखा,हमरा ढेला केने फेँकवा दिया"।ये सुनते हम जितना खाया उतना संतोष कर निकल लेते, सब अगले दिन पर छोड़।मालूम आज तक पैसा से खरीद जामुन नही खाये हम।चाहे तो चुरा के या तो झड़ा के खाये।आज भी पूछा तो गाँव मेँ जामुन कौड़ी के ही भाव मिल रहा है।पर दिल्ली आ क्या हो गया हमरे जमुनवा को?अभी सोचा तो उछल गया।ठीक ही तो कर रहा है जामुन।जामुन हर भरे पेट की औषधीय जरूरत है।मेरे जामुन ने ये नब्ज पकड़ ली।इसने खाली पेट की तबाही देखी थी,आज भरे पेट की मजबुरी भी समझ रहा है।इसने हमारी तरह गाँव से आके खीरा ककड़ी की तरह मामुली होना स्वीकार नहीँ किया।इसे अपना मोल पता था।ये शहर खाये अघाये लोगोँ से भरा पड़ा है और उनका पेट ना जाने कितनोँ के खून पसीने को चूस ठुँस फूला है।जब जब उनके पेट मेँ किसी गरीब की आह गुड़ गुड़ करती है,उनको जामुन की जरुरत पड़ती है और ये जामुन उनसे पूरी कीमत वसुलता है।ये उनके पनीर और पिज्जा से ज्यादा कीमत लेता है उनकी मरोड़ के बदले।उस पर भी पूरी नही,हल्की मिठास ही देता है।ये जामुन ही है जो एक ठेले के आगे लाखोँ की गाड़ी को रूकने के लिए मजबुर कर देता है और एक किलो के बदले 200 रू-300 रू गरीब ठेले वाले को दिलवाता है।ये अमीरोँ की हेँकड़ी तोड़ता है जब तंदुरी और बर्गर खाये पेट का इलाज मैक्स और फोर्टिज वाले भी नही कर पाते हैँ तो ये जामुन की शरण मेँ आते हैँ।इस अर्थ मेँ मेरा जामुन मेरा बिरसा मुँडा है,मेरा सिद्धु कान्हु है,मेरा तिलका माँझी है।ये महाजनोँ से कभी मजबुरी मेँ बंधक रखे पायल,नथिया,झुमका,खून,पसीना वो सब वसुलने की कवायद करता है जो सदियोँ पहले से आज तक लुट रहा है कोई।आप देखिये न कितना काला है ऊपर से जामुन पर अंदर कितना सफेद,मीठा,माँसल और औषध के गुण से भरपूर।जो कहिये जामुन फिर भी चाहे जितनी कीमत ले पर नुकसान नहीँ दे रहा,उनके पेट को राहत ही देता है।इसकी लड़ाई किसी को नुकसान पहुँचाने की नहीँ बल्कि बस अपना सच्चा हक पाने की है।ये लड़ाई जंगल से लेकर ठेले के जामुन तक जारी है साहब। मैँ अपने जामुन के साथ हुँ,इसकी कीमत और बढ़े.,ये और चढ़े।अरे मेरे लिए तो ये आज भी पोखरे के पीढ़ पर बिना किसी कीमत खड़ा है,बस मेरे जाने भर की देर है।हाँ ये जो ठेले पर शान से बैठा है न ये"जामुन मेरा बिरसा मुँडा है":-)।जय हो।।
इश्क नहीं ! जज्बात है मांझी
अपना अपना नजरिया है।मैँने भी उजला सोना वाले क्लास मेँ बैठ उतना ही पैसा देके उतने ही गौर से "माँझी एक पर्वत पुरूष" देखी जितनी शायद अन्य संवेदनशील समीक्षकोँ ने देखी होगी:-)।नवाजुद्दीन जिँदाबाद और अब असली बात।बहुत गंभीर सिनेमाखोरोँ का मानना है कि ये फिल्म दशरथ माँझी के अपने पत्नी के प्रति प्रेम और समर्पण एवं त्याग की बेमिसाल जबरदस्त जिँदाबाद धरोहर है।हो सकता है कि मैँ एक क्रुर किस्म का एक असंवेदनशील आदमी हुँ जिसके कारण इतना विशाल प्रेम मुझे दिखाई ना दिया हो।अगर आप सच मेँ फिल्म नहीँ बल्कि नवाजुद्दीन की आँखोँ मेँ देख रहे होँ तो कहीँ से भी नहीँ लगता कि वो विशाल पहाड़ प्रेम के धार से टुटा है,साला साफ दिखता है कि वो पहाड़ एक संवेदनशील आदमी के जिद और जिजिविषा से चुर हुआ है।मैँ दावा करता हुँ कि अगर दशरथ माँझी की पत्नी की जगह उसका बेटा या बाप भी पहाड़ से गिर के मरा होता तो ये आदमी इसी जिद से पहाड़ तोड़ डालता।फिल्म मेँ जहाँ जहाँ दशरथ माँझी-पहाड़-नवाजुद्दीन आते हैँ फिल्म अद्भुत लगती है।फिल्म जब जब पहाड़ से दूर गाँव या खेत खलिहान जाती है तो ना बिहार दिखता है ना बिहारीपना ना बिहार की दशा दुर्दशा।केवल फास्ट फुड टाईप एसी सिनेमा हॉल मेँ बैठे बैठे दो तीन जल्दी जल्दी के दृश्योँ मेँ नक्सल और छुआछुत का रोमांच भले आप महसुस कर लेँ पर उससे देह हाथ झनझनाता नहीँ है ना ही खुन हिलोर मारता है।आप आज के भी बिहार के एक सर्वण-मुसहर गाँव उठा के एक कालजयी फिल्म रच सकते हैँ,पुरा मैटर पड़ा है पर शर्त है कि आप अनुराग कश्यप या तिग्मांशु धुलिया को लेके आईए,केतन मेहता से मजा नहीँ आयेगा।केतन मेहता का सौभाग्य था कि उनके हाथ दशरथ और नवाज लगे वर्ना बिहार तो छु भी नहीँ पाये केतन,ना संगीत मेँ ना परिवेश मेँ सिवाय उस घर के जहाँ दशरथ का घर दिखाया गया है।फगुनिया का फ्लेवर निश्चय ही केतन के डर का नतीजा था कि बार बार पहाड़ और दशरथ के बीच फगुनिया को आना पड़ा।केतन बाजार से डरे हुए हैँ और उनको नवाज और अन्य शानदार कलाकारोँ पर उतना भरोसा नहीँ था जितना हम दर्शकोँ को है:-)।मजुबरी मेँ उन्हेँ जबरन फगुनिया और दशरथ को कादो मेँ सानना पड़ता है,बदन के उभार पर कैमरा टाँगना पड़ता है और आधा कपड़े मेँ कुँआ मेँ घिट्टम गुथ्थी करा के गाल से कादो छुड़वाना पड़ता है वो भी 2013 मॉडल एक औसत गीत के साथ क्योँकि उन्हेँ डर था कि जब दिल्ली बंबई का एलिट पहाड़ तोड़ से उबने लगेगा तो ये निश्चय ये किचड़ उन्हेँ फिर से सीट पर साट देगा।मान लिजिए जब जब पहाड़ और नवाज के बीच फगुनिया या ये प्रेम फ्रेम आता फिल्म बाजारू मजबुरीपन का बोझ लिये दिखने लगती लेकिन जैसे पहाड़ और नवाज के बीच संवाद होता फिल्म जिँदाबाद हो जाती है।फगुनिया दशरथ के जिँदगी का हिस्सा है पर इस किस्से का उतना बड़ा हिस्सा नहीँ जितना बेवजह थोड़ा झौँका लगाने के लिए इसमेँ दिखाया गया है।ये प्योर एक आदमी के संवेदना से फुटे जिद के ज्वालामुखी की कहानी है जो साल दर साल जुनुन से परमार्थ मेँ बदल जाती है जब दशरथ कहते हैँ"पहाड़ टुट जायेगा त सबके रस्ता मिलेगा.सबका आराम होगा"ये है माँझी की असली ताकत।मैँ उसके इस बयान मेँ एक महानायक देख रहा हुँ और आप रोमियो या मजनुँ देखिये तो ये फर्क रहेगा आप और मुझ मेँ।मैँ दशरथ माँझी की असली कहानी कुछ नहीँ जानता पर नवाज को देख के लग रहा था कि नवाज खुद अपने और पहाड़ के बीच किसी को नहीँ आने देना चाहते।क्या बात यार..जैसे पर्दे पर पहाड़ का दृश्य आता वहाँ सब कुछ जिँदाबाद लगता है,नवाज वैसे लगते हैँ जैसा शायद फिर कभी ना लगेँ।पहाड़ पर जो कोई भी आके संवाद बोलता है वो कमाल है,वो चाहे झा जी पत्रकार होँ,मुखिया का लड़का हो,दशरथ के बाप होँ या छुटकी बेटी या वो निकला हुआ साँप..सब कमाल हैँ।ये पहाड़ हिन्दी फिल्म का सबसे जादुई स्पॉट दिखता है,साला कोई वहाँ आके कमजोर दिखता ही नहीँ,वो वासेपुर वाला सुल्तान जो मुखिया का लड़का बना है,अपने 30 सेकेँड के डॉयलॉग मेँ दिल जीत लेता है और वो लड़का जो दशरथ से उसकी बेटी का हाथ माँगने आता है,क्या ठेठ और पाक संकोच दिखता है और वो छुटकी का एक लाईन"मईया गयेल भगवान घरे,चलो तू खा लो बाबा" शानदार अदायगी,मुखिया जी का अगरबत्ती जला के घर से बाहर आना और अंदर जाने का अँदाज क्या क्या बातेँ कह जाता है।पर कुछ अजीब बात के लिए केतन से कहना है कि ये दशरथ माँझी को पैदल दिल्ली पहुँचाना एक बिहारी होने के नाते अखर गया मुझे, वो भी बनारस और आगरा होते हुए जो कि आज की ट्रेन भी वो रूट नहीँ पकड़ती सिवाय एक दो के।अगर सच्ची मेँ केतन को किसी ने बताया था कि माँझी पैदल दिल्ली गये थे जो जान लिजिए किसी ने फेँक दिया और केतन ने मान लिया,यार इतना जुनुनी आदमी रेल से धक्का देने के बाद पैदल तो नहीँ जायेगा,दशरथ मेँ जिद-जुनुन और आत्मसम्मान सब दिखता है नवाज के रास्ते,सो वो फिर रेल जरूर चढ़ा होगा।कुल मिलाकर ये फिल्म केतन मेहता के निर्देशन के लिहाज से खराब नहीँ पर औसत है और इसमेँ आप दशरथ माँझी को देख सकते हैँ उस काल के दशरथ का बिहार इसमेँ नहीँ मिलेगा आपको।कुछ भी हो पहाड़-ए -नवाज के लिए और अन्य सह कलाकारोँ के शानदार अभिनय के लिए जरूर देखनी चाहिए।राधिका आँप्टे" फगुनिया" को उसकी मीठी "बिहराठी" शैली(बिहारी-मराठी) की बोली के लिए बधाई,सुन के अच्छा लगता है,ये मराठी मुँह से निकली प्यारी बिहारी जबान राज ठाकरे को सुनानी चाहिए।केतन आपको थैँक्स कि आपसे जितना बन सका आपने दशरथ को एक बड़ा पर्दा दिया जो अब तक बोरे का चिथड़ा ओढ़े हुए था।और अंत मेँ यार नवाज-नवाज-नवाज आप कहीँ कहीँ दशरथ से ज्यादा दशरथ लगे हैँ:-)वो अपनी बेटी बेटा के शादी के वक्त का दृश्य..वो था बिहार:-)क्या लगे हैँ तभी नवाज नाचते हुए। जबरदस्त जिँदाबाद।जय हो।
Subscribe to:
Posts (Atom)