तमाम हो हल्ला के बीच JNU अपनी
अक्षुण्ण परंपरा वाली होली मनाने को फिर तैयार है। JNU के अखिल भारतीय होली के सबसे विशिष्ट
और अनोखे कार्यक्रम "चाट सम्मेलन" के लिए एक बार फिर से मुझे नेवता मिला
है।कल 23 मार्च शाम से सुनने वाले की क्षमता तक पूरी रात
JNU मेँ रहुँगा। JNU को लेकर पिछले कुछ महीने जो तरह तरह की
राय बनी है उस संदर्भ मेँ एक अनुरोध जरूर करूँगा कि एक बार JNU की
होली जरूर देख लेँ जहाँ "विविध भारती"झुम झुम गाती है,"अखंड
भारत" गा गा नाचता है और राष्ट्रीयता कितनी मस्ती मेँ डुब के रंग खेलती है।कल
आईए..इसे JNU की ओर से ही नेवता जानेँ।जय हो।
Come and see a village from my eyes and you will feel no difference between your village and my village or any other Indian village.
Wednesday, March 23, 2016
होली है
होली है!और होली मेँ किसी भी कीमत पर अपने गाँव
से बाहर नही होना चाहता था पर जाने के भी सारे जतन कर लिये किसी भी कीमत पर जा भी
नही पाया होली मेँ गाँव।होली जैसे खाँटी कादो-माटी-रंग वाले पर्व मेँ यहाँ दिल्ली
जैसे धुल-धुँआ से बदरंग हुए महानगरोँ मेँ फँस जाना कचोटता तो है ही।न बातोँ मेँ
रंग,ना आँख मेँ पानी..फिर भी होली है तो है ही यहाँ
भी।अच्छा ऐसा कतई नहीँ है कि मुझे ये भ्रम है कि "गाँव की होली" कभी
द्वापर युग मेँ कृष्ण के द्वारा खेली जाने वाली होली जैसी होती है और मेरा गाँव
कोई गोकुल ग्राम या मथुरा सरीका है:-)।मुझे ये भी खुशफहमी नही कि,गाँव
की होली सामाजिक समरसता का संदेश देती सच्चे भारत की मर्मस्पर्शी धारावाहिक टाईप
होली होती है जहाँ हिँदु-मुस्लिम-सिख-ईसाई सब नाच नाच रंग उड़ा होली खेल रहे होँगे
और मैँ दिल्ली मेँ बैठा उस अद्भुत् छटा का दर्शन करने से चूक गया हूँ और छटपट छटपट
कर रहा हूँ सच्चे भारत के सच्चे गाँव जाने के लिए।यकिन मानिए कि हमरे गाँव जितना
गाली गलौज और मार पीट होली मेँ होगा उतना सुडान मेँ गृहयुद्ध मेँ ना हो भैया।दारू
पी जब बनिया, मारवाड़ी को गरियायेगा और बाभन सबको गरियायेगा
तो ये मार्मिक दृश्य देख आप लजा जायेँगे।अच्छा मैँ इस टाईप का घिसा पिटा आउटडेटेड
अफसोस भी नहीँ कर रहा कि,मुझे होली पर माँ के हाथोँ के बने पकवान याद आ
रहे हैँ..अहा वो पूआ और अहा वो पिड़किया गुजिया और ठेकुआ।क्योँकि मेरे यहाँ ये एक
परंपरा रही है कि किसी भी पर्व पर घर का कोई भी सदस्य खाना पकवान बनाने के रोजाना
वाले चक्कर से मुक्त रहे और पर्वोँ पे मेरे यहाँ खाना बुलाये गये रसोईया लोग ही
बनाते हैँ,जिसे ये शहर मेँ कैटरर कहा जाता है न।हाँ अगर
आप पाक कला के शौकिन होँ तो उसका हाथ बँटा सकते हैँ पर खाना बनाना उस दिन रसोईये
पर होता है।और तो और मेरी माँ खुद हमेशा फोन कर यहाँ दिल्ली के लिए भी कहती रहती
है कि"कहीँ बढ़िया होटल मेँ जाके खाते पीते रहा करो,तरह
तरह की चीजेँ खाते और खुद बनाने भी खीखते रहो,कुछ नया सीख आना तो फिर बनाना भी यहाँ"।घर
पर माँ के हाथोँ का खाना खुब खाता हूँ,खुद भी बनाता हूँ,भाई
भी बनाता है और बहनेँ भी।सो ये कोई बड़का अफसोस का मैटर नहीँ कि हाय रे होली का
पकवान।माँ घर पर रहुँ तो हर दिन स्पेशल ही खिलाती है सो पर्व का इंतजार कम से कम
खाने को तो नहीँ रहता।अच्छा फिर आखिर क्या है गाँव मेँ कि मन बेचैन हो जाता है ऐसे
मौसम और पर्व मेँ गाँव जाने को।जी है कुछ।असल मेँ योजनाओँ का पैसा कितना भी हड़प
लिया जाय,गाँव सड़क पानी बिजली बिना पीछे छुट जाये,लोग
लड़े मरेँ या कटेँ,पढ़े ना पढ़ेँ..गाँव आपको मानव विकास सूचकांक मेँ
शुन्य रेटिँग ही क्युँ ना दर्शाता हो पर आज भी गाँव के पास कुछ चीजेँ ऐसी है जो ना
गाँव का मुखिया लुट पायेगा,ना नेता,विधायक,ना सांसद ना कोई अधिकारी ना कोई नक्सल।जी हाँ
गाँव वाले घर के ठीक पीछे पलाश का जंगल,आम का पेड़ और उसमेँ फरे मंजर,उसपे
बैठी कोयल,मेरे आँगन बेल का पेड़,नीम
के पेड़ की साँय साँय हवा,शीशम की सुगंध,महुआ का पेड़,कचनार
वाला फूल ये सब फागुन मेँ कैसे हो जाते हैँ ये फेसबुक पर लिखके बताना संभव नहीँ और
इनसब को फागुन मेँ नजदीक जा के महसुस करना मेरे लिए क्युँ इतना जरूरी है ये शब्दोँ
के मायाजाल से समझा पाना असंभव सा है।प्रकृति का ये जादू ना कवि मन की कल्पना है
ना कलम की लफ्फाजी।सच कहता हूँ,घर के ठीक पीछे वाले पलाश के पेड़ोँ मेँ सारे
पत्ते झड़ नीचे कालिन बिछा लेटे होँगे और पेड़ पर टेशू के दमकते लाल फूल ऐसे फूले
होँगे मानो प्रकृति ने फाग मनाने के लिए लाल केसरिया शमियाना तान दिया हो।आम के
गाछ पर आया मंजर ऐसे गमकता होगा जैसे प्रकृति इत्र छीँटक रही हो और उस मंजर वाले
आमपत्ते के झुरमुट मेँ बैठी करिक्की कोयल कूहूँक कूहुँक "विविध भारती"गा
रही होगी।सामने हाई स्कूल वाले अहाते मेँ शीशम का पत्ता झर झर कर "राग
दुपहरिया" गाता होगा और कचनार के गुलाबी फूल गमक गमक कर खिलखिलाते होँगे।मेरे
मुहल्ले से निकलते सटे ही आदिवासियोँ के मुहल्ले शुरू हो जाते हैँ और मिलने लगता
है महुआ और सखुआ का बड़ा बड़ा गाछ..फिर पहाड़ तक जंगले जंगल।महुआ मेँ अभी धीरे धीरे
फूल आया होगा..एक बार पुरवाई आती होगी तो आदमी नशे मेँ बिन प्याला मतवाला हो जाता
होगा।मेरे आँगन मेँ ही बेल का गाछ है।आपने अगर बेल खाया हो और कभी उसकी खुशबु को
भीतर खीँचा हो मान लिजिए की मुझे वो कस्तुरी से ज्यादा पागल करता है।अभिये से रोज
पाँच सात बेल टप टप खुद ही गिरता होगा और छक के शर्बत चलता होगा घर मेँ।फागुन के
ठीक बाद फाग खेला नीम भी कुछ दिन मीठा हो जायेगा जब चैत के आते उसमेँ हल्का हल्का
ललहन लिये नरम नरम कोमल पत्तियाँ निकलेँगी।एक ऐसा मौसम जहाँ अभी "सुबह भीमसेन
जोशी" और "शाम बिसमिल्ला खाँ" होती होँगी,उसे
छोड़ ये दलेर मेँहदी के बल्ले बल्ले टाईप हल्ले गुल्ले जैसे दिन-रात वाले दिल्ली
मेँ पड़ा हूँ तो भला काहे ना अफसोस करूँगा।पलाश का फूल पता नहीँ मुझे क्युँ इतना
खीँचता है।मेरे बचपन का नाम भी कुछ दिन"पीपल पलाश" था।जब पलाश के पेड़ चढ़
डोल पत्ता खेलने लगा तो नीलोत्पल हो गया।पलाश,मंजर,महुआ शायद इसलिए भी मुझे खीँचते हैँ कि,किसी
नक्सल के AK 47 की कोई गोली इन पलाश के फूल को ना झाड़ सकी आज
तक,कोई
सरकारी घोटाला आम का मंजर या महुआ का फूल नहीँ गटक सकता।हाँलांकि आम से लेकर महुआ
और शीशम,सखुआ और सागवान सब लकड़ी माफियाओँ के हत्थे चढ़
कट भी रहे हैँ और काश हम इन्हेँ बचा पाते पर ये जहाँ जहाँ हैँ इनका जादू वही का
वही है।हाँ,पलाश का जंगल अभी भी इन कसाईयोँ से बचा हुआ
है।एक बार इन लकड़कट्टोँ को खोपचे मेँ लेने का मन है मेरा।कम से कम अपने ईलाके मेँ
तो हड़काईये सकता हूँ।खैर जो भी हो..इन दिनोँ आपको पलाश के जंगलोँ को देखने झारखंड
जरूर जाना चाहिए..तब मेरी बेचैनी आपको सहज समझ आती।मौका मिले तो देखिये जरूर एक
बार आपसब जंगल मेँ जलते ये "पलाश के मशाल"।जय हो।
Friday, March 18, 2016
भारत माता- Bharat Mata
"भारत माता" फिर चर्चा मेँ है।भारत
मेँ अचानक लिँगसंवेदी व्याकरण योद्धाओँ का एक वर्ग जागृत हो गया है जो जिसको मन
तिसको पकड़ पूछ रहा है"बताओ भारत स्त्रीलिँग है या पुलिँग?भारत
जब भरत के नाम पर नाम पड़ा तो फिर माता कैसे हो गया?"इसी तरह के तमाम पुलिँगात्मक तर्क देकर
भारत माता को हूरकूच के देखा जा रहा है कि ये माता है या पिता या फिर मौसा या
फूफा।ये वर्ग भारत को माता कहने के पक्ष मेँ नहीँ है तथा इससे इनके व्याकरणीय
चेतना को ठेस पहुँची है।कुछ पुलिँगसंवेदक बुद्धिजीवि तो अपने जीभ पर पोटाश और
निँबु घस उसे खरच कर ऊपर का एक लेयर हटा दे रहे हैँ जिससे बचपन मेँ कभी स्कूल
कॉलेज मेँ मुर्ख भीड़ के साथ किसी 15 अगस्त या 26 जनवरी को भारत माता का नारा लगा
दिया था।इनकी भी तब कोई गलती थोड़े थी।दशकोँ दशक से भारत को माता कहने वाले इस देश
मेँ आज तक कोई साहित्य और व्याकरण का कोई गुढ़ जानाकार पैदा ही नही हो पाया था जो
बता सकता कि भारत माता है या पिता।ये तो भला हो इन कुछ बुद्धिजीवियोँ का जो इस
घनघोर व्याकरणीय गलती को सुधारने जन्म लिये हैँ और भारत का लिँग निर्णय कर वापस
समाधी ले लेँगे।क्या बात है साब:-)आज जब सोचना ये चाहिए था कि हम
कैसे"देश" मेँ रहते हैँ,हम सोच ये रहे हैँ कि"हम देश मेँ रहते हैँ
कि देशाईन मेँ"।भारत देश है कि देशाईन?माता है कि पिता?ये है 21वीँ सदी के एक मुल्क का
विमर्श!कितना लिँगनीय,सोचनीय और साथ साथ खाँटी निँदनीय विमर्श।लेकिन
जब विमर्श छेड़ ही दिये हैँ तो सुन भी लिजिए।माँ शब्द का अर्थ जन्म देने से ले के
पालने वाली,दुलारने वाली और अपने पूत के लिए सबकुछ सहने
वाली के प्रतीक के रूप मेँ है।धरती को माँ कहने के पीछे यही भाव है कि हमेँ इसी के
कोख से अन्न,खनिज से लेकर तमाम संसाधन प्राप्त होते हैँ।ये
अपनी छाती पर नदी से लेकर पहाड़,जंगल सब लिये हमारी जरूरतोँ को पूरा करती
है।यही अपने पालने मेँ हमेँ पालती है।आसमान नहीँ आता हमेँ खड़े होने की जमीन
देने।ये धरती का माँ जैसा ही दिल है कि अपनी छाती पे लिये तैरती नदी से इंसानियत
को साफ पानी पिलाती है और बदले मेँ उसी इंसानोँ से मिलता है उसे कचरा और जहर जिसे
बिना कुछ कहे चुपचाप अपने रफ्तार से ढोहती है।कुछ ना कहती।जिन पेड़ोँ से फल देती है
उसी को कटता देखती है।जिन पहाड़ो को प्रहरी बना खड़ा किया उसी को धमाको से चुर होते
देखती है।धरती हमेँ कल्याण देती है,जीवन का सृजन करती है और खुद का विध्वंस सहती
है।सारे पाप सहती ये धरती अगर अभी तक पूरी फट ना गई है और हम मेँ से आखिरी व्यक्ति
तक उसमेँ समा ना गया है तो जान लिजिए कि ये "माँ" का ही दिल है जो सब
कायम है,भुकंप,बाढ़,सुखा जैसी डाँटोँ के बावजूद।ऐसी धरती को पापा
के जगह माँ कहना ज्यादा उपयुक्त स्वभाविक है और अगर एक देश और देशभक्ति के लिहाज
से भी देखेँ तो माँ कहने पर भावुकता का जो उफान उठता है वो किसी भी बाधा से लड़ने
और देश पर अपने को न्योछावर करने के लिए ज्यादा प्रेरित करता है।और ऐसा केवल भारत
मेँ नहीँ।जर्मनी मेँ भी जर्मनवाद की प्रेरणा "मदर जर्मेनिया" से ज्यादा
प्रबल हुई जबकि वहाँ बिस्मार्क जैसे डैडी भी थे जिनकी मुँछ ही हाथी के पूँछ से
ज्यादा भारी थी,वो दिखता भी स्पार्टा योद्धा था।फ्रांस द्वारा
दिया उपहार, अमेरिका मेँ स्टैच्यु ऑफ लिबर्टी भी स्वतंत्रता
की देवी के ही रूप मेँ खड़ी है जबकि वहाँ पापा या देवोँ की कमी नहीँ थी।कुल मिला
दुनिया मेँ भारत से इतर भी कई देश सदियोँ से ऐसा करते आये हैँ जहाँ देश या राष्ट्र
को माँ स्वरूप मान देश और उसके नागरिकोँ के बीच एक मजबुत भावनात्मक रिश्ता कायम हो
सके।अब आओ साब नाम पर।जब माता है तो नाम भरत नाम के लड़के पर कैसे?तो
हे अक्ल से हिमालय "लिँगराज डैडीश्वरोँ", आप ये बताईये कि एक महिला आदरणीय पूर्व
लोकसभा अध्यक्षा"मीरा कुमार" हो सकती हैँ,कुमारी नहीँ।पुरूष अभिनेता राज किरण,"किरण"
हो सकते हैँ किरणा नही।पुरूष सुनील दत्त भवानी सिँह डाकू हो सकते
हैँ।"तुलसी" तो सास भी कभी बहु थी की महिला और तुलसीदास नाम के पुरूष
लेखक दोनोँ हो सकते हैँ तो ये बताईये एक माता का नाम भरत के नाम पर भारत माता या
माँ भारती क्योँ नहीँ हो सकता।भाई साब कम से कम नाम रखने मेँ तो लिँगनिरपेक्षता
रहने दीजिए बाकि तो लिँग के आधार पर भेदभाव जारी ही है।साब ये सब चोँचलेबाजी को
छोड़ कहीँ उपयोगी जगह पर दिमाग लगाईये।भारत का लिँग तय करने की जगह ये तय करिये कि
कहाँ कहाँ लिँग के आधार पर दुनिया कट रही है,आधी दुनिया पीछे छुट रही है।भारत के लिँगनिर्णय
को छोड़ उस लिँग अनुपात पर सोचिए जहाँ 1000 पुरूष पर 940 ही महिलाएँ हैँ।60
महापुरूषोँ की जरूरत पर सोचिए महानुभवोँ।सोचिए उस हालात पर जहाँ हरियाणा जैसे
राज्योँ मेँ पेट मेँ ही भ्रुणबच्चियाँ मार दी जाती हैँ और आदमी अपने बच्चोँ की
मम्मी पैसे दे खरीद के ला रहा है।एक तरफ तो बुद्धिजीवियोँ को सदा शिकायत रहती है
कि ये देश अपने ऐतिहासिक परंपरा से ही पितृसत्तात्मक रहा है,ऐसे
मेँ जब देश का मानवीकरण माता के नाम पर कर मातृशक्ति का गुणगान करने की परंपरा आई
है तो यही बुद्धिजीवि लिँग लिँग लिँगा का भजन गा सबसे बड़े लिँगयोद्धा के रूप मेँ
भारत को उसका लिँगाधिकार दिलाने की मुहिम छेड़े हैँ।हम अब इनसे पूछ भारत को माता या
पिता का तमगा तय करेँगे।बॉबी डार्लिँग को भी इनसे पूछ कर अपना लिँग परिवर्तन कराना
चाहिए था।बंगाल की प्रतिभाशाली एथलिट पिँकी को भी ऐसे ही लिँगाधिकार कार्यकर्ता
टाईप बुद्धिजीवियोँ ने पुरूष घोषित करवा दिया था और एक प्रतिभा को निगल गये।भारत
माता के स्त्रीलिँग और पुलिँग जाँचने वालोँ..हुजुर आप पर भी हमसब की नजर है।आपसब
का भी जाँचा जायेगा।अब आँख मुँद आपका भी थोड़े विश्वास कर लेँगे।नमन आप लिँगाधिकार
कार्यकर्ताओँ को।अच्छा जरा सुडान और युगाँडा का भी पता कर बताना जी.ये पापा हैँ कि
मम्मी:-)या मौसी कि फूआ।जय हो।
Monday, March 14, 2016
नमस्ते टाटा सदा वत्सले
संघ ने नब्बे साल बाद धोती पहनने की उम्र मेँ
आखिरकर हाफ पैँट खोल"फूलपैँट" सिलाया।वक्त से थोड़ा पीछे चलना उनका अपना
मैटर है,उनका अपना दर्शन है वो जाने।मेरा तो बस इतना
मतलब था कि ये परिवर्तन काश 15-17 साल पहले हो गया होता।उन दिनोँ न जाने कितनी
जाड़े की सुबह मैँने ठिठुरते पुरा गोड़ उघारे काँप काँप कर शाखा लगवाया।तीन तीन
यूकेलिप्टस के पेड़ ताप गये जला के हम अपने संघी कैरियर मेँ।तब आसपास बस्तियाँ ना
जला करती थीँ जहाँ आप अपने हाथ सेँक पायेँ।जब कभी शिविर लगता और हम संध्या फेरी के
लिए बाजार हो के गाँव निकलते तो ये बिना नाप का हाफ पैँट पहिने और शर्ट
अंडरशर्टिँग किये बड़े लजाते थे,करिया टोपिया से मूँह ढक लेते थे और लाठी जमीन
पर घसीटते आगे बढ़े जाते थे।पैँट मेँ लगा बटन इतना विशाल था कि बैलगाड़ी मेँ पहिया
बना के लगा सकते था कोई।अच्छा गर्मी मेँ शिविर मेँ हाफ पैँट पहिन सोना सजा ही था,जब
धर्मशाला की नालियोँ से आये मच्छर रात भर घुटना से लेकर तलवा तक भभोँर मारते।सुबह
प्रचारक बलराम जी जगाते वक्त भी लठिया वहीँ कोँचते जहाँ हाफ पैँट का एरिया खतम
होता है,यानि एकदम घुटने से ठीक एक बित्ता ऊपर।संघ मेँ
हमेँ बताया गया था कि पूर्ण प्रचारक आजीवन अविवाहित रहते हैँ।हम बाद मेँ समझे कि
जीवन भर हाफ पैँट और उसमेँ भी एक ही रंग का हाफ पैँट पहनने वाले लड़के अथवा आदमी को
भला कौन अपनी बेटी देता।सोचिए न मड़वा पर बनारसी साड़ी मेँ गहनोँ से लदी दुल्हन के
साथ हाथ मेँ लाठी लिये हाफ पैँट पहने दुल्हा सात फेरे लेते कैसा लगता।खैर चलिए
बदलाव जब आया तब ही सही,स्वागत है।बस यही सोच रहा था कि मेरे टाईम भी
अगर फूलपैँट होता तो शायद मैँ कुछ दिन और टिकता संघ मेँ।अब वापस जाने का कोई मतलब
नहीँ..क्योँकि हम अब जिँस पहनने लगे हैँ।फूलपैँट से आगे निकल गया हूँ...नमस्ते
टाटा सदा वत्सले।जय हो।
Art of living
आदरणीय श्री पर फेर श्री,श्री
श्री रविशंकर जी, प्रभु आपका जन्म तो पृथ्वी पर ईश्वर के उस
अधुरे काम को पुरा करने के लिए हुआ है जिसे आलसी ईश्वर आधे मेँ छोड़ गया था।ईश्वर
ने हमेँ जीवन तो दे दिया पर"जीने की कला" सिखाये बिना छोड़ के निकल
लिया।बाद मेँ उसे जब याद आया कि हाय मानव को हम जीवन तो दे आये पर वो जीता कैसे
होगा?जीने की कला यानि"Art of living" तो हमने सिखाया ही नहीँ..अब क्या किया जाय?तब
बड़े मैराथन बैठकोँ के बाद श्री ब्रह्मा और श्री कृष्ण या श्री राम के जगह आपका नाम
तय हुआ और इस भारी काम का लोड आपकी काया पर डाल दिया गया।अन्य क्षमताओँ के साथ साथ
आप पर यकिन का एक कारण ये भी था कि आपके नाम मेँ दो बार "श्री"लगा था सो
आपके इस "श्रीयसनेस" ने आप पर जिम्मेदारी बढ़ा दी।खैर आप आये धरती
पर..आपने देखा मानव मेँ प्राण तो है पर जीने का तरीका बिलकुल नहीँ।सब कुछ
पाषाणकालिन,आदिमयुग के जैसा।आपने देखा राष्ट्रपति भवन मेँ
गाय बँधी है।संसद मेँ जूता दुकान खुला हुआ है।कॉलेज मेँ थियेटर चल रहा था।इंसानो
ना खाने का तरीका आता था न किसी को कपड़े पहनने का।घरोँ के डायनिँग टेबुल पर बैठ
घोड़े पनीर खा रहे थे आदमी गौशाला मेँ गर्दन मेँ रस्सी बाँधे नाद मेँ घास खा रहा था
और फिर अपने किये गोबर से गोयठा बना उसे सुलगा उस पर तावा चढ़ा उसमेँ पाउडर गर्म कर
रहा गाल पर लगाने के लिए।कोई दाल मेँ केला बोर के खा रहा था और कोई हथेली मेँ भात
और आईसक्रीम सान के खा रहा था।एक को तो आपने जब कटहल की खीर के साथ लकड़बग्घे की पूँछ
का अँचार खाते रोका तो उसने उल्टे आपको खाने बैठा आपके लिए एक बाल्टी लगाई,ड्रम
मेँ पानी भर के दिया और आपके लिए भर बाल्टी कच्चे बकरे की चिप्स के साथ अलकतरे का
सूप सर्व किया।आप अकबका गये।आपने देखा कि कुछ तो हाथ की जगह लात से खा रहे हैँ और
चप्पल हाथ मेँ पहने हैँ।कुछ पर पेड़ पर चढ़ नारीयल मेँ डायरेक्ट मुँह लगाये हुए थे
और तरबुज सीना से दबा चुर कर उसका मसाला वाला भुजिया बना के खा रहे थे।खाना तो खैर
छोड़िये जो हुआ सो हुआ।आदमी को कपड़े पहनने का ढंग नही था।लोग फूलपैँट की जगह सागवान
का पत्ता पहनते थे और शर्ट की जगह नीम का झाड़ लटका लेटे थे।बेल्ट की जगह बाँड़ु
साँप बाँधते थे और छोटे बकलस के शौकिन पतला हरहरिया साँप पहनते थे।बड़े बड़े नेता
बघछल्ला पहिन संसद आते थे।दुल्हा शेरवानी की जगह भैँस की छाल का जैकेट और बुजुर्ग
ससुरे एवँ समधी भेँड़ के चमड़े की वुलेन चादर ओढ़ते थे।दुल्हनेँ मेकअप मेँ भभूत घँसती
थी और होँठ पर लाल अढ़वल का फूल घस लेती थीँ।हड्डी की चुड़ियाँ,खरगोश
के बच्चे के चमड़े का पर्स ये सब देख आप बौरा गये।युवतियाँ अंगुर खाने की जगह कान
मेँ पहनती थीँ और नाक मेँ लौँग की नथिया गाँथ लेती थीँ।अच्छा लोग आपस मेँ बातचीत
भी करना नहीँ जानते थे।हर बात मेँ लोग भाई माई बहन बेटी एवं रोटी कर रहे
थे।संस्कार नाम का कोई चीज नही था।बेटा बाप की छाती पर चढ़ फेसबुक चलाता था।खैनी ना
देने पर एक दुसरे का गर्दन काट लेना आम बात था।लोग सब कुछ उल्टा पुल्टा कर रहे
थे।पंखा धरती मेँ गाड़ देते और खटिया ऊपर कड़ी मेँ टाँग देते।साफ पानी से मोबाईल और
टीवी धोते थे और पोखरा मेँ पहले भैँस घुसा पानी घिँटवा लेते तब उस कादो वाले पानी
से नहाते।एक भी ऐसा मानव न था जिसको जीने की कला आती थी।आप समझ ही गये थे सारा
कंडिशन।आखिरकार आपको यही सुधारने तो भेजा गया था। आपको एक बड़ा परिवर्तन करना
था।सोचा"हे भगवान कितना कुछ सिखाना होगा मानव को..एक दो साल मेँ नहीं
फरियायेगा और इसमेँ बजट भी बड़ा चाहिए।सेना और सरकार सबकी मदद भी लेनी पड़ सकती
है।"और बाबा आखिरकार संसार का हो या ना हो पर भारत का सौभाग्य कि इसकी शुरूआत
आपने भारत से ही की।आपका आना,दिल धड़काना..प्यार आ गया हो बाबा प्यार आ गया
कसम से।बाबा मैँ भाग्यशाली हूँ कि मैँ आपके युग मेँ पैदा हुआ और अब मैँ जीने की
कला सीख पाऊँगा।मैँ अपने पूर्वजोँ की भाँति बिना कलाकारी के जिये नहीँ मरूँगा।बाबा
आईए,हमारे गाँव भी आईए बाबा।हमेँ भी जीने की कला
जल्द सिखाईये।बाबा आज तक हम जिया धड़क धड़क पर टाँग हिला के नाचते रह गये पर आपसे
जाना कि उस गीत का मूल मर्म है"दोनोँ हाथोँ से गोल गोल कर छोटा छोटा जिया बना
के कंधे उचका नजाकत से कमर हिला महिलाओँ-पुरूषोँ मेँ गुलाब फेँकना"बाबा जीने
की ये कला हमको भी सिखाईये न बाबा।बाबा आप इसी तरह मानवता की सेवा करते रहेँ..खाने,कमाने
और खट खट के मर जाने वाली पीढ़ी को जीने की कला सिखाते रहेँ।ये,राम,कृष्ण,बुद्ध,महावीर,नानक,कबीर,औलिया,बाबा
फरीद,सूर,तुलसी से लेकर विवेकानंद और गाँधी तक सबने तो
बस टाईम पास किया।न खुद जीना जाने ना कुछ सिखाया।जीने की कला तो आप सिखाते हैँ
बाबा।बाबा दिल्ली मेँ एतना बड़ा मेला लगाये हैँ,तब न शहर के लोग जीने की कला सीख लेते हैँ और
फिर हम गाँव के लोग को पिछड़ा बोल चिढ़ाते हैँ।सो बाबा प्लीज गाँव भी आईए न।हमलोग का
यही एक ठो निवेदन था आपसे।धड़काईये न तनी यहाँ भी जिया।जय हो।(नोट-पोस्ट मेँ कहीँ
कहीँ विभत्स रस चरम पर है,सो पढ़ने वाले अपनी गारंटी पर पढ़ेँ।कोमल दिल
वाले परहेज करेँ:-D)जय हो।
Thursday, March 10, 2016
Defination of Deshbhakti
हमेँ मोटे मोटे विमर्श,मोटी मोटी किताबोँ से बात कम समझ आती है।मैँ समझदारी सीखने के लिए गाँव देहात की सँकरी पतली पतली गलियाँ घुमता हूँ।चौड़े चौड़े खेत और भरे भरे जंगल घुमता हूँ।दर देहात मेँ दुआर के चौखा पर बईठे बीड़ी फूँक रहे बुढ़े बुढ़ियोँ से लेक्चर सुनता हूँ।यही मेरे मन के संस्थान हैँ।इन्हीँ कक्षाओँ मेँ सुनी एक कहानी याद आयी है।दशकोँ पहले हमरे गाँव मेँ दो जिगरी डकैत दोस्त हुआ करते थे..एक था अदुआ और दुसरा जब्बार मियाँ।एक बंगाली पंडित था और दुसरा मुस्लिम।इन दोनोँ डकैतोँ का इलाके मेँ तो नाम था ही साथ साथ उत्तर बिहार के सीमा से ले बंगाल तक के डकैती नेटवर्क मेँ इनका जलवा था।परिवार के नाम पर अदुआ का कोई ना था जमाने मेँ,बस एक बुढ़ी विधवा माँ थी जो रोज सदा भगवान की चौखट पर बैठी रहती कि बेटा जीता रहे.डकैती छोड़ कुछ कमाये धमाये,एक अच्छी जिँदगी जीये।अदुआ शरीर से बाबर था और क्विँटल भर धान का बोरा पीठ पर ले दस ईँच के दिवाल पर चल लेता था और तीन मंजिले जितनी ऊँचाई से वो वैसे मजे मेँ कुदता था जैसे आज के हीरो रजाई मेँ कूदते हैँ।अदुआ के पास बलशाली बदन था तो एक ठोस चट्टानी वसुल भी था।उसने कभी अपने जीवन मेँ अपने गाँव और आस पास डकैती ना की।उसने अपने संपर्क के सारे ज्ञात डकैती टीमोँ को भी साफ कह रखा था कि न तो वो अपने गाँव ईलाके मेँ डकैती करेगा और ना किसी को करने देगा।उसके जिँदा रहते मेरा गाँव वैसे ही निश्चिँत हो सोता था जैसे सीमा के जवान के कारण ये देश बेफिक्र सोता है।मेरे गाँव कोई पुलिस थाना न था।सुरक्षा के नाम पर थे भी तो दो हाफ पैँट वाले दतुवन से दिखते चौकीदार जो डंटा घर रख चलते थे कि कोई उन्हीँ से डंडा छिन उनको ही ना धो दे।हमारे गाँव की सुरक्षा की गारंटी था तो "अदुआ डकैत"।मेरे बाबा ने बताया कि एक बार वो एक दिन सुबह उठे तो देखा आँगन वाले बरामदे की खुँटी मेँ टँगा उनका नया सिल्क वाला ढीला कुर्ता गायब था।समझ गये चोरी हो गया।एक दिन बाद दोपहर अखबार मेँ कुर्ता लपेटे अदुआ हाजिर हो गया।बाबा देख अकबका गये"ई का है अदुआ"।अदुआ ने हाथ जोड़ माफी माँग हँसते हुआ कहा"अब माफ करियेगा पाहुन।अरे कल एक ठो बिहा मेँ जाना था बल्लु डकैत के बेटी के बिहा मेँ, सो सोचे आपका बाला सिल्क ठीक रहेगा।तनी चमकेँगे।परसोँ आपको पहिने देखे थे हटिया मेँ त पसंद आ गया।का बतायेँ,ले गये लेकिन छोटा हो गया साईज मेँ।बिना पहिने ही लौटा रहे हैँ।जल्दी जल्दी मेँ सेठ जी का कुर्ता निकाले तब गये बिहा मेँ।उनका भी लौटाने जा रहे हैँ।"ये था अदुआ का समाजवाद।खैर ये अलग विडंबना से भरी एक क्रुर कहानी है जिस गाँव की सुरक्षा से अदुआ ने कभी किसी लालच मेँ कोई समझौता ना किया उसी गाँव ने एक बार उस पर गाँव मेँ हुए एक भीषण डकैती का आरोप लगाया।ये जान अदुआ गाँव छोड़ निकल गया।गाँव के कुछ बुजुर्गोँ ने उसे अपने भरोसे मेँ लिया और अदुआ ने ये वादा किया कि वो डकैतोँ का पता लगा लेगा कि किसने किया और माल भी वापस लायेगा।गाँव के बुजुर्गोँ और लोगोँ पर भरोसा कर वो वापस जैसे गाँव आया सबने उसे धोखे से पकड़ा और एक कुँए के पीड़ पर ले जा पत्थर से कुचल कर मार डाला।वो अदुआ जो गाँव के लिए मर जाने को तैयार रहता था गाँव मेँ मार दिया गया।लेकिन अपने जिँदा रहते अपनी औकात भर उसने गाँव की सुरक्षा से न कभी समझौता किया ना किसी को डाका डालने दिया।ये था उसका गाँव इलाके से प्रेम और लगाव।उधर जब्बार मियाँ निशाने मेँ जसपाल राणा पर भारी था,रात के अँधेरे मेँ भरी भीड़ मेँ भी देशी पिस्टल से गोली दागता और लगती उसी को जिसकी सुपारी वो मुँह मेँ चबाये रहा होता था।बम बनाने का खिलाड़ी और चलते चलते बम बाँधने का माहिर।एक हाथ धरे लुँगी मेँ बम जमा रख एक हाथ से लगातार बम वैसे पटकता था जैसे आप बारात मेँ सुस्ताते ताश खेलते वक्त लाल पान का एक्का आ जाने पर जोश मेँ पत्ते पटकते हैँ।उसका भी वसूल मुसल्लम था,बुलंद था।उसने भी कभी अपने गाँव से गद्दारी ना की।एक बार वो टीम के साथ भागलपुर के पास बस लुट रहा था।बस मेँ मेरे गाँव के भी दो लोग थे।यकिन जानिए सुबह वो उन दोनोँ का लुटा माल ले के गाँव आया और लौटाया।साथ ही बोला कि,इस रोड मेँ कभी भी लुटाओ तो बता देना,सामान वापस मिल जाया करेगा।अंत समय मेँ एक बार बम बाँधते उसका एक हाथ उड़ गया और आँखोँ की रोशनी चली गई।अब उसके पास एक ही रास्ता था कि बाहर के डकैतोँ के लिए स्थानीय मालवाले घरोँ की मुखबरी करे और लुट के बाद अपने घर मेँ आश्रय दिया करे।बदले मेँ उसे उसका हिस्सा मिल जाता।लेकिन जब्बार मियाँ ने उसी गाँव मेँ भीख माँग बाकि जीवन गुजारा पर कभी गाँव से गद्दारी ना की।कहना बस इतना था साब कि,भले ये दोनोँ डकैत थे,पर अगर ये देश आपको अपना गाँव लगे तो प्लीज एक बार मेरे गाँव के अदुआ और जब्बार मियाँ की नजर से गाँव देख के देखिये आपको"देशभक्ति"-"राष्ट्रभक्ति" सबकी परिभाषा समझ आ जायेगी।इसका अर्थ समझ मेँ आ जायेगा।इसकी खातिर हर कीमत चुकाने का जज्बा समझ मेँ आ जायेगा।वतन पे मरने वालोँ को यूँ ही शहीद नहीँ बोलती दुनिया।बड़ा जिगरा चाहिए।आईए एक बार अदुआ और जब्बार की नजर देखिये..कहाँ आप देशभक्ति को डिबेट और विमर्श से समझने और समझाने मेँ लगे हैँ।हमारी कम पढ़ी लिखी दुनिया मेँ तो इसका अर्थ डकैत अदुआ-जब्बार भी समझा के चले जाते हैँ।जय हो।
Art of Living
हे संत शिरोमणि!ये "आर्ट ऑफ लिविँग" क्या है?बेटा "आर्ट ऑफ डीलिँग" ही "आर्ट ऑफ लिविँग"है।हाँ बेटा जहाँ मौका मिले डिलो,जिसको तिसको पकड़ के डिलो,हर टॉपिक पर डिलो,जो जानो उस पर डिलो,जो ना जानो उस पर भी डिलो,हिल हिल के डिलो,हँस हँस के डिलो,दोनो हाथ ऊपर भी कर डिलो,एक नीचे एक ऊपर भी कर डिलो,कभी गर्दन हिलाय डिलो,कभी कँधवा उचकाय डिलो..डिलो बस डिलो बेट,.इस तरह डिलिँग कर खाने कमाने भर जुगाड़ कर लेना ही"आर्ट ऑफ लिविँग" है।यही कर कोई नेता हुआ कोई बाबा।जाओ तुम्हेँ भी आशीर्वाद..भयंकर आशीर्वाद।वैसे तुम करते क्या हो बेटा?बाबा हम UPSC की तैयारी करते हैँ।इतना सुना कि बबवा जी भड़क गये"दुष्ट लड़का मजा ले रहे थे मेरा।अबे तुम लोग खुद ऐतना बड़ा डिलिँगबाज होता है रे,भाग हमारा धंधा मेँ डंडा करने आये हो।रोज चाय दुकान पर ये डिलिँग ही तो करते हो बे"।मैँ हा हा ही ही करले चाय दुकान पर आ गया हूँ।जय हो।
Subscribe to:
Posts (Atom)